आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने विधानसभा की दो सीटों पर छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार को अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए, जिसके साथ ही उसका मुख्य प्रतिद्वंद्वी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के साथ सीधा चुनावी मुकाबला तय हो गया है। अन्ना द्रमुक के भी इस चुनावी मैदान में उतरने की उम्मीद है।
तमिलनाडु में 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में जीत के बाद सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व में टीवीके ने सहयोगी दलों की मदद से राज्य में अपनी पहली सरकार बनाई। इसके बाद यह राज्य में होने वाला पहला चुनावी मुकाबला होगा।
पार्टी की ओर से जारी एक बयान में टीवीके के संस्थापक और मुख्यमंत्री विजय ने पूर्व अन्ना द्रमुक विधायकों के. मरकतम कुमारवेल और पी. सत्यबामा को क्रमशः मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों से उम्मीदवार बनाया है। इन दोनों सीटों का प्रतिनिधित्व वे टीवीके में शामिल होने से पहले करती थीं।
कुमारवेल और सत्यबामा ने 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में क्रमशः इन दोनों सीटों से अन्ना द्रमुक उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की थी। बाद में उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा देकर सत्तारूढ़ टीवीके का दामन थाम लिया था।
कुमारवेल और सत्यबामा के इस्तीफे के बाद दोनों विधानसभा सीटें रिक्त हो गई थीं।