सूर्यवंशी भारतीय टीम में जगह पाने के लिए पूरी तरह तैयार : संगकारा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-05-2026
Suryavanshi is all set to find a place in the Indian team: Sangakkara
Suryavanshi is all set to find a place in the Indian team: Sangakkara

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 श्रीलंका के दिग्गज क्रिकेटर और राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा का मानना है कि आईपीएल में विश्व स्तरीय गेंदबाजों के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन इस बात का स्पष्ट संकेत है कि वह भारतीय टीम के लिए खेलने को पूरी तरह तैयार हैं।

महज 15 वर्ष के सूर्यवंशी ने आईपीएल के अपने पहले पूर्ण सत्र में 237.31 की विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। यदि रविवार को होने वाले फाइनल में शुभमन गिल या साई सुदर्शन उनसे आगे नहीं निकलते हैं, तो वह टूर्नामेंट के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन सकते हैं।
 
सूर्यवंशी ने जसप्रीत बुमराह, कगिसो रबाडा और पैट कमिंस जैसे दुनिया के शीर्ष गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी कर अपनी असाधारण प्रतिभा का परिचय दिया है। उनके प्रदर्शन ने इस धारणा को और मजबूत किया है कि वह लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट की सेवा कर सकते हैं।
 
सुनील गावस्कर सहित कई पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों की सराहना मिलने के बाद संगकारा ने भी संकेत दिया कि सूर्यवंशी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सर्वोच्च स्तर पर खेलने के लिए तैयार हैं।
 
आईपीएल से राजस्थान रॉयल्स के बाहर होने के बाद संगकारा ने कहा, “किसी खिलाड़ी के बारे में तब तक निश्चित तौर पर नहीं कहा जा सकता कि वह तैयार है या नहीं, जब तक वह उस स्तर पर खेल नहीं लेता। लेकिन वैभव ने दुनिया के कुछ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों के खिलाफ जो प्रदर्शन किया है, उसे देखते हुए मुझे लगता है कि वह किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। मुझे पूरा विश्वास है कि उसे बहुत जल्द भारतीय टीम से बुलावा मिलेगा।”
 
उन्होंने कहा कि सूर्यवंशी ने पूरे सत्र में परिपक्व बल्लेबाजी की और सलामी बल्लेबाज के रूप में अपनी जिम्मेदारी शानदार ढंग से निभाई।
 
श्रीलंका के पूर्व कप्तान ने कहा, “उसने काफी परिपक्वता के साथ बल्लेबाजी की है। इस सत्र में उसने हमारे लिए सलामी जोड़ी की जिम्मेदारी बखूबी संभाली है।”
 
भारत की अगली टी20 श्रृंखला जून के आखिर में आयरलैंड के खिलाफ खेली जानी है और ऐसी संभावना जताई जा रही है कि सूर्यवंशी को उसी दौरे पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका मिल सकता है।
 
युवा बल्लेबाज ने परिस्थितियों के मुताबिक ढलने की क्षमता भी दिखाई है। एलिमिनेटर मुकाबले में 29 गेंदों पर 97 रन की विस्फोटक पारी खेलने के बाद उन्होंने शुक्रवार को 47 गेंदों पर 96 रन बनाकर दिखाया कि परिस्थितियों के अनुरूप अपनी बल्लेबाजी शैली बदलने की क्षमता भी उनमें है।
 
संगकारा ने कहा कि राजस्थान रॉयल्स को सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर बेहद गर्व है और टीम चाहती है कि वह आगे भी बेखौफ और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते रहें।
 
उन्होंने कहा, “हमें उनके इस सत्र के प्रदर्शन पर बहुत गर्व है। हम चाहते हैं कि वह इसी इरादे और बेखौफ मानसिकता के साथ खेलते रहें तथा लगातार बेहतर होते रहें। मेरा मानना है कि आने वाले वर्षों में वह और भी बेहतर खिलाड़ी बनेंगे।”