तृणमूल के कई सांसद-विधायक संपर्क में, फिलहाल किसी को पार्टी में शामिल नहीं कराया जाएगा: समिक

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-05-2026
Many Trinamool MPs and MLAs are in touch, but no one will be inducted into the party at this time: Samik
Many Trinamool MPs and MLAs are in touch, but no one will be inducted into the party at this time: Samik

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य में भाजपा की जीत के बाद पार्टी में शामिल होने के इच्छुक कई मौजूदा तृणमूल कांग्रेस सांसदों और विधायकों के लिए फिलहाल दरवाजे बंद हैं, लेकिन भविष्य में बेदाग नेताओं के प्रवेश की संभावना खुली है। उन्होंने कहा कि राजनीति में ‘‘दो और दो हमेशा चार नहीं होते’’।

‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में भट्टाचार्य ने कहा कि अपने दम पर स्पष्ट जनादेश हासिल करने के बाद पार्टी पर अब प्रतिद्वंद्वी दलों के नेताओं को शामिल करने का कोई दबाव या मजबूरी नहीं है। उन्होंने ‘‘अच्छी तृणमूल कांग्रेस’’ और ‘‘बुरी तृणमूल कांग्रेस’’ के बीच किसी भी तरह के अंतर को खारिज कर दिया।
 
उन्होंने कहा कि पार्टी ने 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़े पैमाने पर हुए दलबदल के अपने अनुभव से सबक सीखा है और भविष्य में उनसे मिली सीख को ध्यान में रखेगी।
 
बंगाल में राजनीतिक बदलाव का संकेत देते हुए भट्टाचार्य ने कहा कि मुसलमानों को यह समझना चाहिए कि अल्पसंख्यक वोट पर निर्भर हुए बिना भी सरकारें बनाई जा सकती हैं और उन्होंने तर्क दिया कि भाजपा के दो-तिहाई बहुमत ने राज्य के चुनावी समीकरण को बदल दिया है।
 
किसी नेता का नाम लिए बिना और कोई संख्या बताए बिना भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस के कई सांसद और विधायक हमारे साथ जुड़ने को तैयार हैं, लेकिन मैं संख्या पर टिप्पणी नहीं करना चाहता।’’