आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का कहना है कि 10-15 साल पहले तक विदेश में भारत की पहचान मुख्य रूप से महात्मा गांधी से जुड़ी थी, लेकिन अब यह बदल गया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के ‘सबसे बड़े ब्रांड एंबेसडर’ हैं।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री ने ‘पीटीआई वीडियो’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि भारत की संस्कृति- इसकी विरासत, त्योहार और व्यंजन - भी देश की पहचान हैं।
उन्होंने कहा कि दुनिया में भारत को जिस नजरिए से देखा जाता था, उसमें 'कुछ कमी' थी।
इस सप्ताह की शुरुआत में मंत्री ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा था,‘‘10-15 साल पहले तक अगर आप दुनिया के किसी भी देश में जाते और किसी व्यक्ति से उसके हुलिए के आधार पर पूछते कि क्या वह भारतीय है, तो वह खुद को भारतीय कहने में हिचकिचाता था। वह अपना परिचय एशियाई के रूप में देता था। फिर अगर आप उससे पूछते कि वह एशिया में कहां से है, तब वह कहता कि मैं भारतीय हूं।’’
मंत्री ने कहा कि इसके पहले अगर कोई पर्यटक विदेश में किसी को बताता कि वह भारतीय है, तो जवाब होता, ‘भारत! “ओह, श्रीमान गांधी’।
शेखावत ने कहा कि भारत की छवि और पहचान ‘गांधीजी से जुड़ी हुई थी’। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन आज, और मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं, आप दुनिया के किसी भी देश में जा सकते हैं... सबसे छोटे कैरेबियन द्वीप से लेकर अमेरिका तक, और दक्षिण एशिया से लेकर पश्चिम एशिया तक, आप कहीं भी जा सकते हैं, और अगर आप किसी को बताएं कि ‘मैं भारत से हूं’, तो आप उनके चेहरे पर एक प्यारी सी मुस्कान और एक विस्मयबोधक शब्द देखेंगे, ‘भारत! ओह, श्रीमान मोदी’।”
मंत्री से पूछा गया कि भारत का सबसे बड़ा ब्रांड एंबेसडर कौन है, संस्कृति एवं पर्यटन या बॉलीवुड। इसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘आजकल हमारे सबसे बड़े ब्रांड एंबेसडर हमारे प्रधानमंत्री हैं।’’