Strict action taken against ignoring safety standards in UP, many coaching institutes sealed
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
लखनऊ, 24 जून। लखनऊ में हाल ही में हुई भीषण अग्निकांड की घटना के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले कोचिंग संस्थानों के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया, जिसके दौरान कई संस्थानों पर कार्रवाई की गई।
लखनऊ के अलीगंज-कपूरथला क्षेत्र में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए), अग्निशमन विभाग और विद्युत विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई संस्थानों में सुरक्षा मानकों से जुड़ी गंभीर कमियां पाई गईं। अधिकारियों ने कम से कम आधा दर्जन कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया। साथ ही भवन स्वामियों से स्वीकृत नक्शे और अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे गए। जिन संस्थानों के पास आवश्यक अभिलेख नहीं मिले, उन्हें नोटिस जारी किए गए।
अधिकारियों ने सभी कोचिंग संचालकों को अग्नि सुरक्षा उपायों और भवन निर्माण नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को लखनऊ में हुई आग की घटना में 15 लोगों की मौत के बाद राज्य सरकार ने अवैध कोचिंग संस्थानों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया था।
मथुरा में भी प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो दर्जन से अधिक कोचिंग सेंटर, पुस्तकालय, होटल और गेस्ट हाउस सील कर दिए। जिला प्रशासन के अनुसार कई संस्थान बेसमेंट और भूमिगत परिसरों में बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के संचालित हो रहे थे। वहीं वृंदावन में 16 गेस्ट हाउसों को भी नियमों के उल्लंघन के कारण बंद किया गया।