सपा गठबंधन नहीं तोड़ेगी, हमारी लड़ाई भाजपा के खिलाफ : अखिलेश यादव

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 22-08-2026
SP will not break the alliance, our fight is against BJP: Akhilesh Yadav
SP will not break the alliance, our fight is against BJP: Akhilesh Yadav

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी गठबंधन नहीं तोड़ेगी और उसकी लड़ाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ है।

उन्होंने सत्तारूढ़ दल पर बड़े कारोबारी समूहों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियां अपनाने का आरोप लगाया।
 
सपा 2024 में हु‍ए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नीत गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) का हिस्सा थी।
 
सपा और कांग्रेस के नेता लगातार यह दोहरा रहे हैं कि दोनों दल 2027 में होने वाला उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे।
 
यादव ने सपा मुख्यालय में पत्रकारों से कहा, “समाजवादी पार्टी कभी गठबंधन नहीं तोड़ती। जब समाजवादी पार्टी किसी के साथ आगे बढ़ती है तो उसके साथ खड़ी रहती है और समाजवादियों ने हमेशा अपने वादे निभाए हैं।”
 
उन्होंने कहा कि सपा का लक्ष्य समाजवादी विचारधारा और पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) आंदोलन के माध्यम से सामाजिक न्याय पर आधारित सरकार बनाना है।
 
यादव ने सत्तारूढ़ गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा, “वे पीडीए से डरे हुए हैं और इसलिए पीडीए की परिभाषाएं बदल रहे हैं। तकलीफ जितनी बढ़ेगी, पीडीए उतना ही मजबूत होगा।”
 
पूर्व मुख्यमंत्री ने महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि त्योहारों के नजदीक आने के साथ जरूरी वस्तुओं की कीमतें बढ़ रही हैं।
 
उन्होंने कहा, “आज हर चीज महंगी हो रही है, डीजल, पेट्रोल और अन्य सभी सामान महंगे हो रहे हैं।”
 
यादव ने सरकार से सवाल किया कि चीनी की कीमतें क्यों बढ़ रही हैं।