भारत और अमेरिका ने मादक पदार्थों के खतरों से मिलकर निपटने का संकल्प लिया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 10-11-2026
India and the US resolve to jointly combat the menace of drugs
India and the US resolve to jointly combat the menace of drugs

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारत और अमेरिका राष्ट्रीय राजधानी में हाल में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक के दौरान मादक पदार्थ संबंधी उभरते खतरों से निपटने के लिए मिलकर कदम उठाने पर सहमत हुए। स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एनसीबी ने एक बयान में कहा कि उसने दो-तीन नवंबर को ‘भारत-अमेरिका मादक पदार्थ नीति कार्यकारी कार्य समूह’ की दूसरी बैठक की मेजबानी की।
 
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एनसीबी के महानिदेशक अनुराग ने किया, जबकि अमेरिकी पक्ष का नेतृत्व ‘ऑफिस ऑफ नेशनल ड्रग कंट्रोल पॉलिसी’ (ओएनडीसीपी) की कार्यवाहक उपनिदेशक डेबी सेगुइन ने किया।
 
बयान के अनुसार, भारत-अमेरिका मादक पदार्थ नीति ढांचे की शर्तों के अनुसार, बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी से निपटने में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की गई। साथ ही, खुफिया जानकारी साझा करने, कानून प्रवर्तन एजेंसियों के समन्वित प्रयासों, मादक पदार्थों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले रसायनों) पर नियंत्रण, औषधीय आपूर्ति शृंखला की निरंतरता को बनाए रखने और मादक पदार्थों की मांग को कम करने जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान की गई।
 
इसमें कहा गया है, ‘‘बैठक में नशीले पदार्थों से जुड़े उभरते खतरों से निपटने और इनकी मांग को कम करने के लिए निरंतर संस्थागत जुड़ाव, समय पर खुफिया जानकारी के आदान-प्रदान और समन्वित कार्रवाई के महत्व पर जोर दिया गया।’’