सीतारमण के नेतृत्व वाले मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से मुलाकात की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-08-2026
Sitharaman-led ministerial delegation meets Singapore PM Lawrence Wong
Sitharaman-led ministerial delegation meets Singapore PM Lawrence Wong

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से बृहस्पतिवार को मुलाकात की और द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
 
वित्त मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी दी, ‘‘नेताओं ने व्यापक रणनीतिक साझेदारी की रूपरेखा को लागू करने में हुई प्रगति एवं आर्थिक सहयोग, डिजिटलीकरण, संपर्क, कौशल विकास तथा स्थिरता के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।’’
 
सीतारमण 19-20 अगस्त को होने वाली चौथी भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज बैठक (आईएसएमआर) में हिस्सा लेने के लिए एक मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रही हैं।
 
वर्ष 2022 में स्थापित आईएसएमआर भारत और सिंगापुर के बीच उच्चस्तरीय आर्थिक सहयोग का एक प्रमुख मंच है। यह उन्नत विनिर्माण, संपर्क, डिजिटलीकरण, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, कौशल विकास और स्थिरता के छह क्षेत्रों में प्रगति की समीक्षा करने और सहयोग के नए क्षेत्रों का पता लगाने के अवसर प्रदान करता है।