तेलंगाना में एसआईआर की शुरुआत अप्रैल-मई के दौरान होने की संभावना

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-02-2026
SIR likely to be launched in Telangana during April-May
SIR likely to be launched in Telangana during April-May

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
तेलंगाना के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) सी. सुदर्शन रेड्डी ने कहा है कि राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया अप्रैल-मई के दौरान किए जाने की संभावना है।
 
उन्होंने बृहस्पतिवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को प्राथमिकता के तौर पर मतदान केंद्र के स्थानीय क्षेत्र से ही नियुक्त किया जाना चाहिए और उन्हें बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समन्वय में काम करना चाहिए।
 
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों को बताया कि वर्तमान में 12 राज्यों में एसआईआर की प्रक्रिया जारी है और तेलंगाना समेत शेष राज्यों के लिए एसआईआर कार्यक्रम अप्रैल-मई 2026 में घोषित किए जाने की संभावना है।
 
बृहस्पतिवार देर रात जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, सीईओ ने बताया कि एसआईआर की अधिसूचना जारी होने के बाद सीमित समय मिलने को देखते हुए राज्य में इसकी तैयारी पहले ही शुरू कर दी गई है।
 
सीईओ ने राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि आगामी एसआईआर से पहले प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए कम से कम एक बीएलए की नियुक्ति सुनिश्चित करें।
 
उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में मजबूत बूथ-स्तरीय समन्वय बेहद अहम होगा।
 
रेड्डी ने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर कम से कम एक बीएलए की नियुक्ति जरूरी है, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान सटीकता, पारदर्शिता और समयबद्ध रूप से समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा सके।