नेपाल बाढ़ और एअर इंडिया को लेकर ‘नस्लवादी’ टिप्पणियों पर सिंगापुर पुलिस ने पांच लोगों से पूछताछ की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-09-2026
Singapore police question five people over 'racist' comments about Nepal floods and Air India
Singapore police question five people over 'racist' comments about Nepal floods and Air India

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
सिंगापुर पुलिस ने नेपाल में आई बाढ़ और एअर इंडिया में सिंगापुर एयरलाइंस (एसआईए) के निवेश से संबंधित कथित नस्लवादी ऑनलाइन टिप्पणियों के मामले में पांच लोगों से पूछताछ की है।
 
यह कार्रवाई वरिष्ठ मंत्री के. षणमुगम की शनिवार को की गई घोषणा के बाद हुई है। उन्होंने कहा था कि नेपाल-तिब्बत में अचानक आई बाढ़ की आपदा और एसआईए द्वारा एअर इंडिया में किए गए निवेश को लेकर ऑनलाइन की गईं “शर्मनाक” नस्लवादी और विदेशियों के प्रति घृणा से भरी टिप्पणियों की पुलिस जांच कर रही है।
 
‘चैनल न्यूज एशिया’ के अनुसार, पुलिस ने बुधवार को पुष्टि की कि उसे दोनों मामलों से संबंधित ऑनलाइन टिप्पणियों के बारे में शिकायतें मिली हैं और वह उनकी जांच कर रही है।
 
पुलिस ने बताया कि इन टिप्पणियों के संबंध में 29 से 66 वर्ष की आयु के पांच लोगों की पहचान की गई है और उनसे पूछताछ की गई है। पुलिस ने कहा, “हम जांच जारी रखेंगे और इन ऑनलाइन टिप्पणियों के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करेंगे।”
 
पुलिस ने कहा कि ऐसे व्यवहार को गंभीरता से लिया जाता है, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं या विभिन्न नस्ल वाले समूहों के बीच दुश्मनी और दुर्भावना भड़क सकती है।
 
पुलिस ने यह भी कहा कि जांच जारी होने के कारण वह फिलहाल अधिक जानकारी साझा नहीं कर सकती।