टेस्ट क्रिकेट खेलने के लिये अपनी ओर से हरसंभव प्रयास कर रहा हूं : अर्शदीप सिंह

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 10-09-2026
I am trying my best to play Test cricket: Arshdeep Singh
I am trying my best to play Test cricket: Arshdeep Singh

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को बखूबी पता है कि टेस्ट खेलने के सपने को पूरा करने की राह में प्रथम श्रेणी क्रिकेट अधिक नहीं खेलने को आदर्श तैयारी नहीं माना जा सकता लेकिन उनका कहना है कि यह पारंपरिक प्रारूप के लिये उनकी तैयारी में कमी को नहीं दर्शाता है ।

सीमित ओवरों के प्रारूप में भारत के शीर्ष गेंदबाजों में से एक अर्शदीप ने दिसंबर 2019 में पदार्पण के बाद से सिर्फ 24 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं ।
 
दलीप ट्रॉफी के दो मैच खेलने से पहले उन्होंने एक साल तक कोई प्रथम श्रेणी मैच नहीं खेला था ।
 
अर्शदीप ने पीटीआई को दिये इंटरव्यू में कहा ,‘‘ मैं टेस्ट क्रिकेट खेलने के लिये अपनी ओर से हरसंभव प्रयास कर रहा हूं ।’’
 
दलीप ट्रॉफी के बाद शेर ए पंजाब टीम लुधियाना लायंस से जुड़े अर्शदीप ने कहा ,‘‘ प्रथम श्रेणी क्रिकेट में लंबा अंतराल तैयारी के लिये आदर्श नहीं है लेकिन मैं उन्हीं चीजों पर फोकस कर सकता हूं जिससे मौका मिलने पर तैयार रह सकूं । टेस्ट क्रिकेट खेलना सम्मान की बात है और मुझे इसका इंतजार है । मुझे अपनी क्षमता पर यकीन है कि मैं भारत के लिये योगदान दे सकता हूं ।’’