Sikkim CM launches 'CM-Sathi' initiative to provide free JEE-NEET coaching Show alternatives
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने 'सीएम-साथी' नामक एक प्रमुख शैक्षिक पहल की शुरुआत की है, जिसका उद्देश्य जेईई और नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को निःशुल्क और उच्च गुणवत्ता वाली कोचिंग तथा शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराना है।
शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, भारत सरकार की 'साथी' पहल के सहयोग से विकसित इस कार्यक्रम के तहत छात्रों को विशेषज्ञों के वीडियो व्याख्यान, अध्ययन सामग्री, मॉक टेस्ट, अभ्यास प्रश्न और प्रौद्योगिकी आधारित शिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल इस बात के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी छात्र अवसरों से वंचित न रहे।
तमांग ने बृहस्पतिवार को कार्यक्रम की शुरुआत के बाद कहा, "सीएम-साथी के माध्यम से जेईई और नीट अभ्यर्थियों को निःशुल्क विश्वस्तरीय कोचिंग और शैक्षणिक सहायता मिलेगी तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि गुणवत्तापूर्ण कोचिंग आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना राज्य के छात्रों के घरों और स्कूलों तक पहुंचे।"
इस कार्यक्रम से सिक्किम के 40 से अधिक सरकारी और निजी स्कूलों के दो हजार से अधिक छात्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है। आईआईटी कानपुर के सहयोग से विज्ञान और गणित के शिक्षकों की क्षमता भी विकसित की जाएगी।
तमांग ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय से अनुरोध किया है कि सीयूईटी, क्लैट, एनडीए और यूपीएससी फाउंडेशन जैसे अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी इसी प्रकार की सहायता उपलब्ध कराने की संभावना तलाशे, ताकि विभिन्न शैक्षणिक क्षेत्रों के छात्र इसका लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा, "सीएम-साथी केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारे युवाओं की आकांक्षाओं और सिक्किम के उज्ज्वल भविष्य में किया गया निवेश है।"