आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तराखंड में पिथौरागढ़ जिले के आदि कैलाश में 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित भगवान शिव और देवी पार्वती का मंदिर इस साल शीतकाल के लिए पांच नवंबर को बंद कर दिया जाएगा ।
शिव पार्वती मंदिर के मुख्य पुजारी गोपाल सिंह कुटियाल ने यहां बताया कि नवंबर में भारी बर्फबारी की संभावना को देखते हुए मंदिर को पांच नवंबर को बंद करने का निर्णय लिया गया है और इस निर्णय से प्रशासन को भी अवगत करा दिया गया है ।
उन्होंने बताया कि अगले साल मई में यह फिर से श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिया जाएगा ।
मुख्य पुजारी ने बताया कि मंदिर बंद होने के बाद कुटी गांव के निवासी धारचूला की निचली घाटी में अपने शीतकालीन प्रवास स्थल की ओर रवाना हो जाएंगे ।
हालांकि, इस बारे में धारचूला के उप जिलाधिकारी आशीष जोशी ने कहा कि जब तक मौसम अनुमति देगा और भारी बर्फबारी नहीं होती, आदि कैलाश तीर्थयात्री जारी रहेगी ।
उप जिलाधिकारी के अनुसार, आदि कैलाश के तीर्थयात्रियों का उत्साह बना हुआ है और दो नवंबर तक कुल 70,767 तीर्थयात्रियों ने पवित्र आदि कैलाश चोटी के दर्शन किए हैं ।