आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अपनी पार्टी के विधायकों और विधान परिषद सदस्यों से सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ ‘राम रक्षा आंदोलन’ को जिला स्तर और विभिन्न शहरों तक ले जाने का आह्वान किया।
ठाकरे ने मंगलवार देर शाम मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित अपने आवास ‘मातोश्री’ में शिवसेना (उबाठा) के विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक की।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के खिलाफ रविवार को ‘राम रक्षा आंदोलन’ शुरू किया था।
उन्होंने बैठक में शामिल नेताओं से कहा कि इस आंदोलन को जिला स्तर तथा नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर और रत्नागिरी जैसे शहरों तक ले जाया जाना चाहिए।
सूत्रों ने बताया कि नागपुर में होने वाले प्रदर्शन में ठाकरे स्वयं या उनके बेटे एवं विधायक आदित्य ठाकरे के शामिल होने की संभावना है। नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का मुख्यालय है।
राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन का मामला सात जून को सामने आया था। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर 25 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
अब तक मंदिर में चढ़ावे की गिनती की प्रक्रिया से जुड़े आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच जारी है।
ठाकरे ने शिवसेना (उबाठा) नेताओं से महाराष्ट्र में मतदाता सूचियों के जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर भी नजर रखने को कहा।
एक विधायक ने बताया कि उन्होंने महाराष्ट्र विधानमंडल के मौजूदा मानसून सत्र के दौरान दोनों सदनों में पार्टी सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों की भी समीक्षा की।