आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) में बगावत की बढ़ती अटकलों के बीच पार्टी ने अपने सांसदों को ‘‘महत्वपूर्ण मुद्दों’’ पर चर्चा के लिए नयी दिल्ली में होने वाली एक बैठक में शामिल होने का ‘व्हिप’ जारी किया है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि पार्टी बैठक में शामिल नहीं होने वाले सांसदों के खिलाफ अयोग्यता की कार्यवाही शुरू कर सकती है।
पार्टी ने 2022 में भी इसी तरह का ‘व्हिप’ जारी किया था जब महाराष्ट्र के मौजूदा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में 39 विधायकों ने शिवसेना नेतृत्व के खिलाफ बगावत कर दी थी। इसके बाद इन विधायकों के खिलाफ अयोग्यता की कार्यवाही शुरू की गई थी।
सूत्रों ने मंगलवार को बताया था कि विपक्षी शिवसेना (उबाठा) संकट का सामना कर रही है और उसके नौ लोकसभा सदस्यों में से ‘‘छह से सात’’ सदस्य शिंदे के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल होने के इच्छुक हैं तथा फिलहाल राष्ट्रीय राजधानी में डेरा डाले हुए हैं।
दिल्ली में मौजूद शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करके ‘‘पार्टी नेतृत्व के खिलाफ बगावत की योजना बना रहे नेताओं’’ पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘‘एक-एक बात का हिसाब होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘एक विशेष विमान नांदेड़ में उतरता है और ‘ऑपरेशन टाइगर’ के नाम पर दो सांसदों को लेकर जाता है। कभी उनके पास ऑटोरिक्शा में सफर करने तक के साधन नहीं थे। ठाकरे परिवार की वजह से ही उनकी हैसियत इतनी बढ़ी है कि वे विशेष विमान में सफर कर रहे हैं।’’
राज्यसभा सदस्य ने चेतावनी देते हुए कहा कि एक-एक बात का हिसाब होगा।
उन्होंने सवाल किया, ‘‘डरपोक भेड़ियों के भागने को आप ‘ऑपरेशन टाइगर’ क्यों कह रहे हैं?’’
उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (उबाठा), पार्टी के सांसदों को अपने खेमे में शामिल करने के लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की ओर से कथित तौर पर ‘ऑपरेशन टाइगर’ चलाए जाने की अटकलों को ज्यादा तवज्जो नहीं देने की कोशिश कर रही है।
उस अविभाजित शिवसेना का प्रतीक चिह्न बाघ था जिसे पार्टी संस्थापक बाल ठाकरे ने बनाया था।
इस बीच, नासिक से शिवसेना (उबाठा) सांसद राजाभाऊ वाजे ने बुधवार को कहा कि वह उद्धव ठाकरे खेमे के साथ हैं। वाजे ने एक समाचार चैनल से कहा कि वह बुधवार अपराह्न तीन बजे होने वाली संसद की उद्योग संबंधी समिति की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रहे हैं।