BJP has nothing to do with speculation of rebellion in Shiv Sena (Ubatha): Bawankule
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने बुधवार को कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेताओं में दलबदल कराने की किसी कथित कोशिश से उनकी पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है।
बावनकुले ने शिवसेना (उबाठा) के कुछ सांसदों के पार्टी से अलग होकर नया गुट बनाने की अटकलों के बीच यह टिप्पणी की।
शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने मंगलवार देर रात दावा किया था कि ‘‘महाराष्ट्र के सांसदों को खरीदने’’ के लिए ‘‘15 करोड़ रुपये की अग्रिम राशि’’ दी जा रही है। उनके इस दावे से अटकलों को और बल मिला।
बावनकुले ने इन अटकलों और राउत के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर नागपुर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे ‘ऑपरेशन टाइगर’ के बारे में कोई जानकारी नहीं है। मैं नहीं जानता कि ‘ऑपरेशन टाइगर’ क्या है या इसे क्या कहा जाता है। मुझे इसकी जानकारी नहीं है इसलिए इस मुद्दे पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।’’
राउत ने आरोप लगाया है कि भाजपा पाला बदलने के लिए सांसदों को धन की पेशकश कर रही है। इस बारे में सवाल किए जाने पर बावनकुले ने कहा कि उनकी पार्टी का इस मामले से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘इससे भाजपा का क्या संबंध है? हमारा इससे कोई लेना-देना नहीं है। हम नहीं जानते कि ‘ऑपरेशन टाइगर’ क्या है, इसे कौन लेकर आया और क्यों लेकर आया ? भाजपा का इससे कोई संबंध नहीं है।’’
भाजपा नेता ने कहा कि राजनीतिक दलों और उनके विधायकों से जुड़े फैसले संबंधित दलों के नेतृत्व का मामला है।
उन्होंने कहा, ‘‘(शिवसेना नेता एवं उपमुख्यमंत्री) एकनाथ शिंदे अपनी पार्टी के बारे में फैसले करेंगे और उद्धव ठाकरे अपनी पार्टी के बारे में निर्णय लेंगे। उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे जानते हैं कि उनके दलों में क्या हो रहा है। इस पूरे मामले से भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है।’’
बावनकुले ने कहा कि इस विवाद में भाजपा और उसके नेताओं को घसीटने की कोशिश अनुचित है।