Severe cold continues in Punjab and Haryana, dense fog reduces visibility at many places
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पंजाब और हरियाणा में भीषण ठंड से कोई राहत नहीं मिली है और सोमवार को दोनों राज्यों में अधिकांश स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
हरियाणा का हिसार सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा के अन्य स्थानों में अंबाला का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 8 डिग्री सेल्सियस, जबकि करनाल का सामान्य से तीन डिग्री अधिक 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री नीचे है, जबकि रोहतक में यह 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा। भिवानी में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सोमवार को दोनों राज्यों के कई इलाकों में कोहरे की घनी चादर छाई रही, जिससे दृश्यता का स्तर कम हो गया। पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, पठानकोट, मोहाली और हरियाणा के अंबाला, हिसार और रोहतक सहित कई इलाकों में घना कोहरा देखा गया।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पंजाब और हरियाणा के कई स्थानों पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही।
दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है।
पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर जिले का बलोवाल सौंखरी राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।