आप के सात सांसद भाजपा में आधिकारिक तौर पर शामिल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-04-2026
Seven AAP MPs officially join BJP
Seven AAP MPs officially join BJP

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन ने आम आदमी पार्टी (आप) के सात सांसदों का भाजपा सदस्य माने जाने का अनुरोध सोमवार को आधिकारिक तौर पर स्वीकार कर लिया, जिससे उच्च सदन में अरविंद केजरीवाल की पार्टी ‘आप’ के सदस्यों की संख्या 10 से घटकर तीन रह गई।
 
इसके साथ ही उच्च सदन में भाजपा सदस्यों की संख्या बढ़कर 113 हो गई है।
 
राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, संदीप पाठक, विक्रमजीत साहनी, स्वाति मालीवाल और राजिंदर गुप्ता वे सात सांसद हैं जो आम आदमी पार्टी छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए हैं।
 
राज्यसभा की वेबसाइट पर अब इन सातों सांसदों को भाजपा के सदस्यों की सूची में दिखाया गया है।
 
उच्च सदन में पंजाब का प्रतिनिधित्व करने वाले कुल सात सांसदों में से छह भाजपा के साथ हैं और केवल एक सांसद आम आदमी पार्टी के साथ हैं।
 
दिल्ली का प्रतिनिधित्व करने वाले कुल तीन सांसदों में से दो अब आम आदमी पार्टी (आप) के साथ हैं जबकि एक भाजपा के साथ है। संजय सिंह और एन डी गुप्ता (दोनों आप) और स्वाति मालीवाल (भाजपा) राज्यसभा में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते हैं।
 
सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को सातों सांसदों ने राज्यसभा के सभापति को पत्र लिखकर उन्हें भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी का सदस्य माने जाने का अनुरोध किया था। सूत्रों ने कहा कि उनका अनुरोध स्वीकार कर लिया गया है।
 
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने सात सांसदों का राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में स्वागत किया और कहा कि उन्होंने "टुकड़े-टुकड़े इंडी गठबंधन" को अलविदा कह दिया है।
 
उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, "राज्यसभा के माननीय सभापति सी.पी. राधाकृष्णन जी ने आम आदमी पार्टी के सात सांसदों के भाजपा में शामिल होने को स्वीकार कर लिया है। अब राघव चड्ढा जी, संदीप पाठक जी, अशोक मित्तल जी, हरभजन सिंह जी, स्वाति मालीवाल जी, राजिंदर गुप्ता जी और विक्रमजीत सिंह साहनी जी भाजपा संसदीय दल के सदस्य हैं।"