गुजरात के अमरेली में शेर के हमले में रेस्तरां कर्मचारी की मौत

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-06-2026
Restaurant employee killed in lion attack in Gujarat's Amreli
Restaurant employee killed in lion attack in Gujarat's Amreli

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
गुजरात के अमरेली जिले में एक शेर के हमले में एक रेस्तरां में काम करने वाले 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
 
स्थानीय लोगों को मंगलवार तड़के अमरेली जिले के कोवाया गांव के पास राजुला वन क्षेत्र के तहत एक संपर्क मार्ग के पास युवक के शरीर के कुछ अंग और उसका कटा हुआ सिर मिला।
 
सहायक वन संरक्षक विरलसिंह चावडा ने कहा कि इलाके में चार शेरों का एक झुंड घूम रहा है और उन सभी को पिंजरे में कैद करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि इन शेरों में से एक के हमले में व्यक्ति की मौत हो गई जो उत्तराखंड का रहने वाला था।
 
चावडा ने कहा, ‘‘आज सुबह छह बजे सूचना मिलने के बाद स्थानीय बीट गार्ड और वन अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि व्यक्ति एक शेर के हमले में मारा गया क्योंकि पास के इलाकों में चार शेरों का एक झुंड देखा गया था। हम उन सभी को पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं।’’
 
स्थानीय लोगों के अनुसार पीड़ित देर रात काम के बाद रेस्तरां से निकला था और अपने घर जा रहा था तभी एक झाड़ी के पास एक शेर ने उस पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह जब उन्हें उसके अवशेष मिले, तो उन्होंने पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों को सूचित किया।
 
कोवाया गांव के सरपंच जीना लाखनोत्रा ने कहा कि ऐसी ही एक घटना पास के भाकोदर गांव में भी हुई थी।