Rekha Gupta: Opponents of the Nari Shakti Vandan Act have been defeated.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने के कारण पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और तमिलनाडु में द्रमक को ‘मुंह की खानी पड़ी’ है।
गुप्ता ने कहा कि इस संविधान संशोधन अधिनियम का विरोध करने वालों को जनता को ‘जवाब देना भारी पड़ रहा है।’
भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा पिछले महीने पेश किया गया महिला आरक्षण और परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में पारित नहीं हो सका था। विपक्षी दलों ने एकजुट होकर इसके खिलाफ मतदान किया था।
मुख्यमंत्री ने बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विजय को मां काली का आशीर्वाद बताया और इसे महिलाओं की जीत करार दिया।
राष्ट्रीय राजधानी के चित रंजन (सीआर) पार्क स्थित मां काली मंदिर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के साथ पूजा-अर्चना करने के बाद गुप्ता ने कहा, “यह वही आस्था है जो दिल्ली को शक्ति देती है, वही सनातन ऊर्जा अब बंगाल में परिवर्तन का संकल्प बन रही है। मां काली के आशीर्वाद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और जनता के अपार जनसमर्थन से अब बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार बनने जा रही है।”
उन्होंने पत्रकारों से कहा कि बंगाल की महिलाओं ने भय, आतंक और तुष्टिकरण की राजनीति को नकारकर यह सिद्ध कर दिया है कि नारी शक्ति अब अपने सम्मान और अधिकारों के लिए किसी भी दमनकारी शक्ति से टकराने को तैयार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भय, आतंक और अत्याचार के वातावरण के बावजूद बंगाल की महिलाओं ने निर्भीक होकर मतदान किया और लोकतंत्र को सशक्त बनाते हुए सुशासन की सरकार स्थापित की।