रेखा गुप्ता ने दिल्ली से उप्र के बड़ौत तक डीटीसी अंतरराज्यीय बसों का उद्घाटन किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 23-09-2025
Rekha Gupta inaugurates DTC interstate buses from Delhi to Baraut in UP
Rekha Gupta inaugurates DTC interstate buses from Delhi to Baraut in UP

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बड़ौत के बीच डीटीसी अंतरराज्यीय बसों का उद्घाटन किया और कहा कि अगले महीने ऐसी और बसें शुरू की जाएंगी.

इस अवसर पर गुप्ता ने सरकारी अधिकारियों की तुलना हनुमान से की.
 
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे सरकारी अधिकारी हनुमान जैसे हैं...जब से हमारी सरकार सत्ता में आयी है, अधिकारियों को काम करने का एक आदर्श माहौल मिल रहा है और वे नये-नये विचार लेकर आ रहे हैं.
 
गुप्ता ने परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह और विभाग के अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि अब से हर महीने एक नये राज्य के लिए बस चलाई जाए। उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं मुख्यमंत्री बनी, तो मुझे हमेशा आश्चर्य होता था कि उत्तराखंड की बसें यहां क्यों चल रही हैं और उत्तर प्रदेश की बसें भी दिखाई देती हैं। लेकिन दिल्ली की बसें, जो दूसरे राज्यों में चल रही हैं, कहां हैं?’’
 
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पिछली सरकार ने उन्हें रोक दिया था। उन्होंने राजस्व सृजन सुनिश्चित करने के लिए कुछ नहीं किया.
 
सरकार की अन्य पहलों पर प्रकाश डालते हुए, उन्होंने कहा कि वे मार्ग युक्तिकरण अध्ययन भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ रूट पर 15 बस चल रही थीं, जबकि कुछ पर एक भी नहीं थी। हम रूट का युक्तिकरण कर रहे हैं ताकि हर रूट पर बसों की पर्याप्त संख्या हो.
 
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार में, अगर महरौली में कोई बस खराब हो जाती थी, तो उसे ठीक करने के लिए कर्मचारी नरेला से आते थे, जिससे अनावश्यक देरी होती थी। उन्होंने कहा, "हमने एक ऐसी व्यवस्था लागू की है जिसमें गाड़ियां नजदीकी डिपो से आएंगी। इससे समय और पैसा बचेगा और यातायात जाम भी कम होगा.