Regional and cultural imbalance in the new cabinet structure: J&K Leader of Opposition Sharma
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जम्मू कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाले नए मंत्रिमंडल में ‘‘क्षेत्रीय और सांस्कृतिक असंतुलन’’ है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ने कहा कि यह पहली बार है जब कोई क्षेत्रीय और सांस्कृतिक असंतुलन देखने को मिला है। उन्होंने कहा, ‘‘सरकारों को हर समुदाय को साथ लेकर चलना होता है। उन्हें हर क्षेत्र और हर इलाके को साथ लेकर चलना चाहिए।’’
यहां लोक भवन में चार नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद शर्मा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘आपको धार्मिक, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक संतुलन बनाए रखना होता है। आज, ऐसा कुछ नजर नहीं आया।’’
नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के वरिष्ठ नेताओं -अली मोहम्मद सागर, मीर सैफुल्ला, शमीम फिरदौस और अल्ताफ अहमद कालू को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पद की शपथ दिलाई।
नेकां ने छंब से निर्दलीय विधायक सतीश शर्मा को मंत्रिमंडल से बाहर रखा है। जम्मू क्षेत्र से केवल उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और जावेद राणा ही मंत्री बने हैं, जबकि आठ मंत्री कश्मीर घाटी से हैं।