आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहने के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने भारी से अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताते हुए मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया।
रुक-रुक कर हो रही भारी बारिश और तेज हवाओं ने मुंबई तथा पड़ोसी जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इसके कारण मुंबई-पुणे मार्ग पर लंबी दूरी की रेल सेवाएं प्रभावित हुईं, रायगढ़ जिले में एक खंड पर उपनगरीय रेल सेवाएं निलंबित करनी पड़ीं और सड़क पर जलभराव से यातायात भी धीमा पड़ गया।
आईएमडी ने मौसम की स्थिति में बदलाव के बाद सुबह चेतावनी को ‘ऑरेंज’ से ‘रेड’ अलर्ट में बदल दिया। इसने इस क्षेत्र में 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से रुक-रुक कर तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है।
इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में एक चॉल के ढहने से कई लोगों की मौत की घटना पर सोमवार को दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की।
भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए अधिकारियों ने यात्रियों को सावधानी बरतने तथा यात्रा पर निकलने से पहले यातायात व ट्रेन सेवाओं से जुड़ी नवीनतम जानकारी लेने की सलाह दी है।
अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण कर्जत-लोनावला के भोर घाट खंड में भूस्खलन होने के बाद सोमवार तड़के व्यस्त मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर सेवाएं निलंबित कर दी गईं।
वहीं, मध्य रेलवे ने पड़ोसी रायगढ़ जिले में कर्जत और खोपोली के बीच लोकल ट्रेन सेवाएं भी रोक दीं, क्योंकि भारी बारिश के कारण लौजी और डोलवली स्टेशन के बीच पटरियों के नीचे की गिट्टी बह गई।