राममंदिर ट्रस्ट के खातों की दोबारा जांच

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-07-2026
Re-examination of Ram Mandir Trust accounts
Re-examination of Ram Mandir Trust accounts

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 अयोध्या में राम मंदिर में दान के कथित गबन की जांच कर रहा विशेष जांच दल (एसआईटी) श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पिछले पांच वर्षों के खातों का फिर से ऑडिट करेगा क्योंकि प्रारंभिक जांच में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं का संकेत मिला है। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
 
सूत्रों ने बताया कि पुन: ऑडिट में निर्माण-संबंधी व्यय के साथ-साथ दान के रूप में प्राप्त आभूषण और सोने तथा चांदी की अन्य वस्तुओं को भी शामिल किया जाएगा।
 
सूत्रों ने कहा कि प्रारंभिक जांच के दौरान सामने आए कथित गबन के सबूतों के बाद एसआईटी पूरे पांच साल के ट्रस्ट के वित्तीय रिकॉर्ड की विस्तृत जांच करेगी।
 
एक और घटनाक्रम में, अयोध्या पुलिस ने मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला को हिरासत में लेने के बाद उससे पूछताछ की।
 
इस मामले में दान की गिनती के काम में शामिल शुक्ला को पहले ही गिरफ़्तार किया जा चुका है और बृहस्पतिवार को एक स्थानीय अदालत ने उन्हें 24 घंटे की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
 
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुक्ला, जिनके पास से इस मामले में अब तक सबसे ज़्यादा नकद राशि बरामद हुई है, के ख़िलाफ़ कानूनी कार्रवाई तेज़ कर दी गई है।
 
एसआईटी ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी अनिल मिश्रा और मंदिर के निर्माण और प्रबंधन से जुड़े गोपाल राव से पूछताछ की है।
 
राय और मिश्रा ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है और ट्रस्ट द्वारा छह जुलाई को होने वाली बैठक में उन पर निर्णय लिए जाने की उम्मीद है।