Ranveer's turban-wearing and smoking cigarette images in 'Dhurandhar 2' were doctored: Aditya Dhar
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
फिल्म निर्माता आदित्य धर ने बृहस्पतिवार को कहा कि ‘धुरंधर 2’ में रणवीर सिंह के किरदार के पगड़ी पहनकर धूम्रपान करते हुए जो तस्वीरें सामने आई हैं उनमें कोई ‘‘सच्चाई’’ नहीं है और ये तस्वीरें नुकसान पहुंचाने के इरादे से छेड़छाड़ कर बनाई गई हैं।
धर ने यह भी चेतावनी दी कि तस्वीरों के साथ इस तरह की छेड़छाड़ से ‘‘सख्ती से निपटा जाएगा’’।
निर्माता धर की फिल्म सफलता के नए कीर्तिमान गढ़ रही है। उन्होंने कहा कि वह जासूसी की पृष्ठभूमि पर बनी अपनी फिल्म के दूसरे भाग ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को देश और दुनिया भर के दर्शकों से मिले अपार प्यार के लिए आभारी और ऋणी हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यह जानकारी मिली है कि कुछ लोग कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का उपयोग करके आधिकारिक तौर पर जारी प्रचार सामग्री में छेड़छाड़ कर गलत और भ्रामक विमर्श गढ़ने के लिए हेरफेर कर बनाए गए दृश्यों को प्रसारित कर रहे हैं।’’
धर ने एक बयान में कहा, ‘‘छेड़छाड़ कर बनाई गई ऐसी ही एक तस्वीर में हमजा/जसकीरत को पगड़ी पहने सिगरेट पीते हुए गलत तरीके से दिखाया गया है। यह पूरी तरह से गलत है और यह न तो फिल्म का हिस्सा है और न ही हमारे द्वारा जारी किसी आधिकारिक सामग्री का हिस्सा है। यह जानबूझकर किया गया गलत चित्रण है जिसका उद्देश्य लोगों को भड़काना और गड़बड़ी पैदा करना है।’’
रणवीर सिंह के किरदार को पगड़ी पहने सिगरेट पीते हुए दिखाने वाली तस्वीर को लेकर फिल्म निर्माताओं और अभिनेता के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद फिल्मकार का यह बयान आया है।
धर ने कहा कि वह इस बात को ‘‘स्पष्ट रूप से’’ कहना चाहते हैं कि वह सिख समुदाय के प्रति अत्यंत सम्मान का भाव रखते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘फिल्म में हर चित्रण को अत्यंत संवेदनशीलता, गरिमा और जिम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया गया है। किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ वाली सामग्री के माध्यम से इसके उलट धारणा बनाने का कोई भी प्रयास दुर्भावना की मंशा से प्रेरित है।’’
उन्होंने बयान में कहा, ‘‘मैं दर्शकों से आग्रह करता हूं कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और फिल्म को उसी रूप में देखें जैसा कि इसे बनाया गया है तथा एआई के जरिए फैलाई जा रही गलत सूचनाओं के झांसे में नहीं आएं, जिन्हें गलत इरादों से प्रसारित किया जा रहा है।’’