Ram Navami: Suvendu takes part in procession in Bhawanipur; tight security in Howrah and Hooghly
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र में राम नवमी की शोभायात्रा में भाग लिया।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता आगामी विधानसभा चुनाव में भवानीपुर क्षेत्र से मौजूदा विधायक और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी को चुनौती देने वाले हैं।
राज्य भर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिसमें हावड़ा और हुगली जिलों पर विशेष ध्यान दिया गया है, जहां पिछले वर्षों में इस अवसर पर अशांति देखी गई थी।
हावड़ा शहर में अंजनी पुत्र सेना और विश्व हिंदू परिषद द्वारा राम नवमी के अवसर पर शोभा यात्रा निकाले जाने का कार्यक्रम है।
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने कुछ प्रतिबंधों के साथ और पुलिस को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश के साथ इन दोनों शोभा यात्राओं की अनुमति दी। आयोजकों ने स्थानीय पुलिस द्वारा अनुमति न दिए जाने पर अदालत का रुख किया था।
भवानीपुर में शोभायात्रा विधानसभा क्षेत्र के बड़े हिस्से से गुजरते हुए मुख्यमंत्री बनर्जी के आवास से लगभग एक किलोमीटर दूर हाजरा क्रॉसिंग पर समाप्त हुई। इस शोभायात्रा में शुभेंदु अधिकारी शामिल हुए।
भाजपा ने भवानीपुर से अधिकारी को मैदान में उतारा है, जहां ममता बनर्जी उस सीट को बरकरार रखने की कोशिश कर रही हैं जिसे उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनावों में नंदीग्राम में अधिकारी से हारने के बाद उपचुनाव में जीता था।