आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राज्यसभा ने सोमवार को मानसून सत्र के पहले दिन अपने चार दिवंगत पूर्व सदस्यों बलबीर पुंज, स्वप्न साधन बोस, रंगासायी रामकृष्ण और एच. हनुमनथप्पा के साथ ही कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी को श्रद्धांजलि दी।
सुबह, उच्च सदन की बैठक होने पर सभापति सीपी राधाकृष्णन ने इन लोगों के निधन होने का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बलबीर पुंज ने 2000 से 2006 तक उत्तर प्रदेश का तथा 2008 से 2014 तक ओडिशा का राज्यसभा में प्रतिनिधित्व किया।
दो अक्टूबर, 1949 को पंजाब के गुरदासपुर जिले के लालोवाल में जन्मे बलबीर पुंज प्रख्यात पत्रकार, लेखक, विचारक और बुद्धिजीवी थे। बलबीर पुंज ने कई प्रशंसित पुस्तकें भी लिखीं जिनमें भारत की सभ्यतागत विरासत, सार्वजनिक नीति और राष्ट्रीय मामलों में उनकी गहरी रुचि झलकती है।
उन्होंने भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय युवा आयोग के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया।
सभापति राधाकृष्णन ने बताया कि स्वप्न साधन बोस ने 2005 से 2011 तक राज्यसभा में पश्चिम बंगाल का प्रतिनिधित्व किया। 23 जनवरी, 1948 को पश्चिम बंगाल के हावड़ा में जन्मे बोस ने देश में फुटबॉल और खेल प्रशासन को बढ़ावा देने और विकसित करने में उल्लेखनीय योगदान दिया।