आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली में बुधवार को हुई बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलजमाव हो गया और सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार थम गयी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ घंटों में गरज के साथ बारिश की संभावना को देखते हुए ‘रेड’ और ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किए हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों के दौरान 14.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ घंटों में दिल्ली के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की काफी संभावना है, जबकि अन्य इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
बारिश के कारण सदर बाजार, नसीरपुर, ग्रेटर कैलाश, बदरपुर, तेलीवाड़ा, महावीर बाजार, स्वरूप नगर और कुशक रोड समेत शहर के कई इलाकों में जलजमाव हो गया।
कुछ स्थानों पर पैदल चलने वालों को घुटने तक भरे पानी से होकर गुजरते देखा गया।
रोहतक रोड पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं, जहां पंजाबी बाग और शादीपुर के बीच यातायात कई घंटों तक लगभग ठप रहा। स्थिति तब और बिगड़ गई जब कई दोपहिया वाहन चालकों ने बारिश से बचने के लिए 'एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर' के नीचे शरण ली, जिससे जाम की स्थिति पैदा हो गई।
आईटीओ चौराहे पर भी यातायात बाधित रहा।
रिंग रोड, आउटर रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर, विशेष रूप से धौला कुआं, महिपालपुर और रजोकरी के पास, कम दृश्यता और जलजमाव के कारण यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ा।