आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को चुनौती दी कि वे उनसे सरकारी बंगला ‘बलपूर्वक’ खाली करा लें जिसमें वह एक दशक से अधिक समय से रह रही हैं।
वर्ष 1997 से 2005 तक आठ साल तक मुख्यमंत्री रहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता राबड़ी देवी उस समय बिफर पड़ीं जब कुछ पत्रकारों ने उनसे भवन निर्माण विभाग के उस आदेश के बारे में पूछा, जिसमें पटना के सर्कुलर रोड स्थित बंगला नंबर 10 का आवंटन डेयरी एवं मत्स्य पालन मंत्री नंद किशोर राम को किया गया है।
राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने नाराजगी जताते हुए कहा, ‘‘हां, मैं देख सकती हूं कि हाल ही में मुख्यमंत्री बने सम्राट चौधरी काफी उत्साहित हैं। वह मुझे जबरन हटा दें। मैं यह बंगला खाली नहीं करने वाली।’’
दिल्ली से लौटीं राबड़ी देवी से इस घटनाक्रम के बारे में पटना हवाई अड्डे पर सवाल किया गया। दिल्ली में उन्होंने अपने पोते का जन्मदिन मनाया और बताया जा रहा है कि उनके पति वहीं से इलाज के लिए सिंगापुर रवाना हुए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को चौधरी को यह याद दिलाना अच्छा लगता है कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत उन्हीं के मंत्रिमंडल में मंत्री के रूप में की थी।