आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सोनिया गांधी के संस्मरण को लेकर फिर से आलोचना करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने का “महात्याग” केवल “सुपर पीएम” बनने के लिए किया था।
भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने गांधी के संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में किए गए सोनिया गांधी के उस दावे को भी खारिज कर दिया कि उनके पति राजीव गांधी आपातकाल के खिलाफ थे।
सोनिया गांधी ने मंगलवार को बाजार में आए अपने संस्मरण में लिखा है कि प्रधानमंत्री पद संभालने के विचार को पूरी तरह खारिज करने से लेकर गठबंधन सहयोगियों के जोर देने पर धीमी आवाज में ‘ठीक है’ कहने और अंततः दृढ़तापूर्वक इनकार करने तक का उनका रुख कैसे बदलता रहा।
वर्ष 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने से पहले सोनिया गांधी द्वारा अपने मन के द्वंद्व का जिक्र किए जाने संबंधी सवाल पर त्रिवेदी ने तंज कसते हुए कहा, “क्या गजब का महात्याग था कि प्रधानमंत्री का पद छोड़कर वह ‘सुपर पीएम’ बन गईं।’’
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद तो छोड़ दिया, लेकिन कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की अध्यक्ष के रूप में कैबिनेट मंत्री का दर्जा स्वीकार कर लिया।
उन्होंने कहा, “दुनिया में आपको त्याग का ऐसा उदाहरण कहीं नहीं मिलेगा, जहां प्रधानमंत्री पद छोड़कर कैबिनेट मंत्री का दर्जा स्वीकार किया गया हो। राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की अध्यक्ष, कैबिनेट मंत्री का दर्जा और वह भी लाभ के पद के साथ, यानी एक लाभप्रद कैबिनेट स्तर का पद हासिल किया गया।”
भाजपा नेता ने कहा, “और जब इस पर विवाद खड़ा हुआ तो सोनिया गांधी को इस्तीफा देना पड़ा। चुनाव के बाद उनके लौटने से पहले, उनके नेतृत्व में मनमोहन सिंह सरकार ने नियम बदलकर राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के अध्यक्ष पद को लाभ के पद के दायरे से बाहर कर दिया।’’
त्रिवेदी ने आपातकाल लगाए जाने के लिए अपने देवर संजय गांधी को जिम्मेदार ठहराने और तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के इसके खिलाफ होने का दावा करने पर भी सोनिया गांधी की कड़ी आलोचना की।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने विभिन्न अवसरों पर आपातकाल का समर्थन किया था।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष के संजय गांधी की पत्नी मेनका गांधी के साथ मतभेदों के बारे में दिए गए विवरण पर त्रिवेदी ने कहा कि उनके संस्मरण में जिस तरह का “दोषारोपण का खेल” दिखता है, उससे यह “आपातकाल की कहानी” से अधिक एक “देसी देवरानी और विदेशी जेठानी” के बीच “गहरी दुश्मनी” की कहानी लगती है।