पंजाब: लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव की मतगणना शुरू

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 23-06-2025
Punjab: Counting of votes for Ludhiana West assembly by-election begins
Punjab: Counting of votes for Ludhiana West assembly by-election begins

 

लुधियाना

पंजाब की लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे शुरू हो गई।यह उपचुनाव आप विधायक गुरप्रीत बसी गोगी के निधन के बाद जरूरी हुआ था। मतदान 19 जून को हुआ था।

इस बार 51.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो 2022 के विधानसभा चुनाव में दर्ज 64 प्रतिशत मतदान के मुकाबले काफी कम रहा।उपचुनाव में कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं।

मतगणना का केंद्र खालसा कॉलेज फॉर विमेन में बनाया गया है, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतगणना 14 राउंड में होगी।मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच है।

  • आम आदमी पार्टी ने 61 वर्षीय संजीव अरोड़ा को टिकट दिया है। वह राज्यसभा सांसद हैं और लुधियाना के उद्योगपति व सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में पहचाने जाते हैं।

  • कांग्रेस ने 51 वर्षीय भरत भूषण आशु को मैदान में उतारा है, जो पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व मंत्री रह चुके हैं।

  • भाजपा की ओर से वरिष्ठ नेता और पार्टी की पंजाब इकाई की कोर कमेटी के सदस्य जीवन गुप्ता को टिकट मिला है।

  • शिरोमणि अकाली दल ने वकील और लुधियाना बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष परुपकार सिंह घुम्मन को उम्मीदवार बनाया है।

अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि उपचुनाव में किस पार्टी को जनता का जनादेश मिलता है।