Punjab: Bomb threat to Firozpur district court premises, no suspicious object found
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
फिरोजपुर जिला अदालत परिसर को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया।
यह धमकी ऐसे समय मिली है जब दो दिन बाद ही मुख्यमंत्री इस अदालत परिसर के नजदीक स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होंगे।
हालांकि, पुलिस ने कहा कि परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
अधिकारियों ने बताया कि धमकी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अदालत परिसर को खाली कराया और व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया।
बम निरोधक दस्ते और श्वान दस्ते की टीम ने अदालत परिसर और आसपास के क्षेत्रों की गहन तलाशी ली। एहतियात के तौर पर अदालत की कार्यवाही दोपहर एक बजे तक स्थगित कर दी गई।
फिरोजपुर कैंट थाना के प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने अदालत परिसर की गहन तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
इस साल जिला अदालत को बम से उड़ाने की यह तीसरी धमकी मिली है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान अदालत परिसर के पीछे स्थित स्थल पर तिरंगा फहराएंगे।