आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय रहने के कारण बुधवार को राजस्थान के अनेक हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार कई जगह मध्यम से लेकर भारी बारिश हो सकती है।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य में भारी बारिश का दौर जारी है। बुधवार को भी जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर तथा जोधपुर और बीकानेर संभागों के कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
इस दौरान दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी और एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश होने की चेतावनी है।
भारी बारिश की गतिविधियों में बृहस्पतिवार से कमी होने तथा राज्य के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश और पूर्वी राजस्थान में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। इसी तरह 14 अगस्त से जोधपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग के अधिकांश भागों में बारिश में कमी आएगी। हालांकि, उत्तर-पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी भागों में कुछ स्थानों पर मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है।
राज्य के उत्तरी और उत्तर-पूर्वी भागों को छोड़कर अधिकांश इलाकों में 15 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है।