टाउन हॉल को म्यूजियम बनाने का प्रस्ताव

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-05-2026
Proposal to convert Town Hall into a museum
Proposal to convert Town Hall into a museum

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 महाराष्ट्र पुरातत्व विभाग ने स्थानीय नगर निकाय से ऐतिहासिक टाउन हॉल भवन को संग्रहालय के लिए सौंपने का अनुरोध किया है, जिसमें सोनेरी महल में पहले से रखी गई लगभग 1,000 कलाकृतियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

17वीं शताब्दी में निर्मित सोनेरी महल को राज्य संरक्षित स्मारक के संरचनात्मक ऑडिट के बाद कुछ साल पहले बंद कर दिया गया था।
 
पुरातत्व विभाग ने 13 मई को छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका को लिखे पत्र में बताया कि इसमें मध्यकालीन बंदूक, तोप, पांडुलिपियां, सिक्के और पुरातात्विक अवशेषों सहित कई कलाकृतियां रखी हुई थीं।
 
पत्र के अनुसार, सोनेरी महल में स्थित संग्रहालय बंद होने के कारण पुरातत्व विभाग ने नगर निकाय से यहां स्थित प्रसिद्ध टाउन हॉल भवन को उसे सौंपने का अनुरोध किया है ताकि वहां एक नया केंद्र स्थापित किया जा सके।
 
पत्र में कहा गया है कि संग्रहालय लंबे समय तक बंद नहीं रह सकता क्योंकि इससे छात्रों को शैक्षणिक नुकसान हो रहा है।
 
छत्रपति संभाजीनगर की प्रमुख ऐतिहासिक इमारतों में से एक टाउन हॉल का निर्माण निजामशाही सेनापति मलिक अंबर द्वारा 17वीं शताब्दी की पहली तिमाही में करवाया गया था।