आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और कारोबारी रॉबर्ट वाद्रा के बेटे रेहान राजीव वाद्रा ने अवीवा बेग के साथ सगाई की है।
पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि दोनों पिछले कई वर्षों से दोस्त रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि इस जोड़े ने हाल ही में एक समारोह में सगाई कर ली और फिलहाल परिवार और दोस्तों के साथ राजस्थान में हैं।
रेहान प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाद्रा की बड़ी संतान हैं। उनके सोशल मीडिया हैंडल पर उन्हें एक "आर्टिस्ट" (कलाकार) और ‘‘फोटोग्राफर’’ के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
रेहान 25 साल के हैं और उनकी बहन मिराया 23 साल की हैं। दोनों कई बार चुनाव प्रचार में प्रियंका गांधी के साथ शामिल हुए हैं।
प्रियंका गांधी अपने भाई और कांग्रेस नेता राहुल गांधी और परिवार के सदस्यों के साथ मंगलवार को रणथंभौर पहुंचीं।
सवाई माधोपुर जिले में स्थित रणथंभौर बाघों और समृद्ध जैव विविधता के लिए जाना जाता है, और गांधी परिवार पहले भी इस लोकप्रिय पर्यटन स्थल का दौरा कर चुका है।