प्रधानमंत्री, शाह, राजनाथ, मायावती समेत कई प्रमुख नेताओं ने आदित्यनाथ को जन्मदिन की बधाई दी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 05-06-2026
Prime Minister, Shah, Rajnath, Mayawati wished Adityanath on his birthday
Prime Minister, Shah, Rajnath, Mayawati wished Adityanath on his birthday

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, देश के गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती और भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई प्रमुख नेताओं ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 54वें जन्मदिन पर उन्हें शुभकामना और बधाई दी।
 
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्‍स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनके जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।’’
 
मोदी ने पोस्ट में कहा, ‘‘राज्य की प्रगति के लिए उनका योगदान सराहनीय है। उन्होंने हमेशा लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित किया है। उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।’’
 
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा, ‘‘उप्र के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ को जन्मदिन की हार्दिक बधाई व शुभकामना। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर जनसेवा के लिए ऊर्जा प्रदान करने की कामना करता हूं।’’
 
गृह मंत्री अमित शाह ने अपने पोस्ट में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश की ‘डबल इंजन’ सरकार सुशासन और जनकल्याण के नए मापदंड स्थापित कर रही है।’’
 
उन्‍होंने कहा, ‘‘ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करता हूं।’’
 
रक्षा मंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय एवं कर्मठ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।’’
 
सिंह ने पोस्ट में कहा, ‘‘उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने सुशासन, सुरक्षा, विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं। उनके दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम के परिणामस्वरूप आज उत्तर प्रदेश प्रगति और समृद्धि के पथ पर तेज गति से अग्रसर है।’’
 
रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘ईश्वर से प्रार्थना है कि वह उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा जनसेवा के लिए निरंतर ऊर्जा और शक्ति प्रदान करें।’’