बेंगलुरु-मंगलुरु के बीच वंदे भारत चलाने की तैयारी, सकलेशपुर-सुब्रहमण्य रोड घाट खंड में परीक्षण शुरू

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 12-08-2026
Preparations underway for Vande Bharat Express between Bengaluru
Preparations underway for Vande Bharat Express between Bengaluru

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
दक्षिण पश्चिम रेलवे के मैसुरु मंडल ने बेंगलुरु-मंगलुरु मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की व्यवहार्यता का आकलन करने के लिए चुनौतीपूर्ण सकलेशपुर-सुब्रहमण्य रोड घाट खंड में स्वचालित आपातकालीन ब्रेक प्रणाली से युक्त वंदे भारत एक्सप्रेस का परीक्षण बुधवार को शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
 
चेन्नई स्थित सवारी डिब्बा कारखाना (आईसीएफ) में विशेष रूप से तैयार की गई 20 डिब्बों वाली ट्रेन पिछले सप्ताह मैसुरु पहुंची थी। मंगलवार को मैसुरु में इसके स्थिर परीक्षण के बाद ट्रेन को उसी रात मैदानी परीक्षण के लिए सकलेशपुर रवाना किया गया।
 
मैसुरु मंडल के रेल प्रबंधक मुदित मित्तल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “परीक्षण बुधवार सुबह शुरू हुआ। ट्रेन में सवार अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) के कर्मचारी विभिन्न तकनीकी और परिचालन मानकों का परीक्षण कर रहे हैं।”
 
सकलेशपुर और सुब्रहमण्य रोड के बीच स्थित यह घाट खंड बेंगलुरु-मंगलुरु रेल मार्ग के सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सों में से एक है जहां खड़ी ढलानें, तीखे मोड़, सुरंगें और पुल हैं।