वृद्धि इंजनों में एक बनने की संभावनाः अध्यक्ष जावेरी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-05-2026
Potential to become one of the growth engines: Chairman Zaveri
Potential to become one of the growth engines: Chairman Zaveri

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
व्यवसाय में व्यापक बदलाव के लिए कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित सेवाएं देने वाली कंपनी 'सर्विसनाउ' ने भारत में अवसरों को लेकर बड़ी उम्मीदें जताते हुए कहा है कि यह देश उसके सबसे बड़े वृद्धि इंजनों में से एक बन सकता है।
 
सर्विसनाउ के अध्यक्ष एवं मुख्य उत्पाद अधिकारी अमित जावेरी ने यहां ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ बातचीत में कहा कि भारत में कंपनी की वृद्धि 'बहुत प्रभावशाली' रही है और वह सार्वजनिक क्षेत्र सहित नए क्षेत्रों में विस्तार कर रही है।
 
पांच-सात मई के बीच यहां आयोजित 'नॉलेज 2026' सम्मेलन में हिस्सा लेने आए जावेरी ने कहा, “हम भारत में अवसरों को लेकर बेहद आशावादी हैं। हमारे पास वहां मजबूत टीम और बड़े ग्राहक हैं। भारत हमारे लिए बड़ा बाजार है और संभवतः सबसे बड़ा वृद्धि इंजन बनने जा रहा है।”
 
जावेरी ने कहा कि कंपनी ने भारत में उत्पाद एवं इंजीनियरिंग क्षेत्रों में बड़ा निवेश किया है और उसके वैश्विक कार्यबल का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा भारत में मौजूद है।
 
सरकारी क्षेत्र में कामकाज के बारे में उन्होंने कहा कि भारत का सार्वजनिक क्षेत्र 'बेहद महत्वाकांक्षी' है और एआई के उपयोग को लेकर गंभीरता से काम कर रहा है।
 
उन्होंने कहा, “वे समझते हैं कि एआई की क्या अहमियत है। वे जानना चाहते हैं कि सेवा प्रौद्योगिकी का उपयोग कर संगठन के भीतर प्रक्रियाओं को किस तरह स्वचालित किया जाए और नागरिकों को बेहतर सेवाएं कैसे मुहैया कराई जाएं।”
 
नियामकीय ढांचे पर जावेरी ने कहा कि कंपनी का सॉफ्टवेयर लचीला है और उसे विभिन्न नियमों के अनुरूप ढाला जा सकता है। उन्होंने कहा, “हमारा उत्पाद वर्षों से विभिन्न देशों के नियमों के अनुरूप बनाया गया है। भारत में जो अपेक्षाएं हैं, वे असंगत नहीं हैं।”
 
उन्होंने बताया कि भारत अब कंपनी के लिए शीर्ष पांच बाजारों में शामिल है और यहां तेज वृद्धि जारी है।
 
एआई के प्रभाव पर जावेरी ने कहा कि यह प्रौद्योगिकी ग्राहक सेवाओं में मानवीय हस्तक्षेप का समय घटा रही है और कंपनियों को तेज एवं स्वचालित समाधान देने में मदद कर रही है।