आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद राकांपा (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार के साथ उनके संबंध हमेशा सौहार्दपूर्ण और पारिवारिक रहे हैं तथा उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों के बीच कभी कोई कड़वाहट नहीं रही।
पटेल ने बृहस्पतिवार रात मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में शरद पवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि वह वरिष्ठ नेता का हालचाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे थे और उनकी सेहत अच्छी है।
पटेल ने कहा, ''राजनीतिक मतभेद जरूर थे, लेकिन हमारे बीच कभी कोई कड़वाहट नहीं रही। मैं समय-समय पर पवार साहब से मिलता रहा हूं। हमारे पारिवारिक संबंध हैं और ये आगे भी बने रहेंगे।''
उन्होंने बताया कि दोनों के बीच मौजूदा राजनीतिक हालात पर भी चर्चा हुई।
पटेल ने कहा कि शरद पवार पूरी तरह स्वस्थ नजर आ रहे थे और अपने खास अंदाज में मुस्कुरा रहे थे।
राकांपा (शप) प्रमुख शरद पवार (85) को बुधवार को दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक से छुट्टी दी गई थी, जहां सोमवार से उनका इलाज चल रहा था।
शरद पवार द्वारा स्थापित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) में 2023 में उस समय विभाजन हो गया था, जब प्रफुल्ल पटेल समेत पार्टी के कुछ नेता दिवंगत अजित पवार के नेतृत्व में महाराष्ट्र के सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन में शामिल हो गए थे। इसके बाद अजित पवार के नेतृत्व वाले गुट को पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न मिल गया, जबकि शरद पवार के गुट को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) नाम दिया गया।