आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मध्य प्रदेश में इस साल दिवाली के दौरान 12,000 करोड़ रुपये से 14,000 करोड़ रुपये तक का कारोबार होने का अनुमान है। व्यापारियों के संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) ने यह आकलन जताया है।
सीएआईटी के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, दिवाली से पहले सात से 10 दिन के दौरान प्रदेश के बाजारों में खरीदारी में तेजी आने की उम्मीद है।
सीएआईटी की भोपाल इकाई के अध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा ने शुक्रवार को बयान में कहा कि स्वदेशी उत्पादों के प्रति बढ़ती रुचि, स्थानीय व्यापारियों से खरीदारी को मिल रहे प्रोत्साहन और उपभोक्ताओं की क्रय शक्ति में वृद्धि से इस साल दिवाली पर कारोबार बढ़ने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन जैसे बड़े शहरों के अलावा सागर, रीवा, सतना, रतलाम, देवास, कटनी, छिंदवाड़ा और खंडवा सहित छोटे शहरों के बाजारों में भी अच्छी बिक्री होने की संभावना है।