आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्य पुलिस से आह्वान किया कि वह तेजी से बदलते अपराध के तरीकों, खासकर साइबर अपराध से निपटने के लिए आधुनिक प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करे और बेहतरीन तौर-तरीके अपनाए।
मुख्यमंत्री ने बुधवार देर रात पुलिस महानिदेशक से थानाधिकारी (एसएचओ) स्तर के अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक में जनता का भरोसा जीतने और राज्य पुलिस को देश भर में एक प्रतिष्ठित बल के तौर पर स्थापित करने के महत्व को रेखांकित किया।
नायडू ने कहा, ‘‘अपराध का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और ऐसे में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाना होगा। नयी चुनौतियों का असरदार ढंग से सामना करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रौद्योगिकी, सूचना और बेहतरीन कार्यप्रणाली का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।’’
मुख्यमंत्री के मुताबिक गत दो साल में संज्ञेय अपराधों में 14 प्रतिशत की कमी आई है, लेकिन डिजिटल अपराध और ‘डिजिटल अरेस्ट’ चुनौती बनी हुई हैं।
उन्होंने पुलिस विभाग से पूरे राज्य में ‘इनविजिबल पुलिस, विजिबल पुलिसिंग’ (पुलिस कर्मी न दिखे लेकिन पुलिसिंग व्यवस्था प्रभावी हो) की रणनीति अपनाने की अपील की।
उन्होंने महिलाओं के खिलाफ अपराधों के प्रति कतई बर्दाश्त नहीं नीति को रेखांकित करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपराधियों के प्रति कोई नरमी न बरतें। उन्होंने बताया कि 14,770 सीसीटीवी कैमरों को निजी कैमरों के साथ जोड़कर एक नेटवर्क बनाया गया है।