आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के सदस्य बृहस्पतिवार को संसद के ‘मकर द्वार’ के निकट प्रदर्शन करते हुए आमने-सामने आ गए और उन्होंने पुरजोर नारेबाजी की।
सत्तापक्ष ने जहां झारखंड में नौकरी के अभ्यर्थियों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर वहीं, विपक्ष ने अयोध्या में राम मंदिर में चंदे की कथित चोरी के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया तथा एक-दूसरे के खिलाफ नारे लगाए।
राजग सांसदों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से जवाब देने की मांग की और आरोप लगाया कि वह देशभर में छात्रों के प्रदर्शनों पर बहस से ‘‘भाग रहे हैं’’।
वहीं, ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों ने पेपर लीक के खिलाफ 20 जुलाई को दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कथित पुलिस ज्यादती को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाबदेही की मांग की।
‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में चंदे की कथित चोरी का मुद्दा भी उठाया।