प्रधानमंत्री ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-07-2026
PM pays tribute to Syama Prasad Mukherjee on his birth anniversary
PM pays tribute to Syama Prasad Mukherjee on his birth anniversary

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर सोमवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि मुखर्जी ने अपना जीवन भारत की एकता, सम्मान और प्रगति के लिए समर्पित कर दिया था।
 
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मुखर्जी को भारत के प्रमुख राष्ट्र-निर्माताओं में से एक बताया। उन्होंने कहा कि मुखर्जी का जीवन शिक्षा, साहस और राष्ट्र सेवा के प्रति अटूट समर्पण से प्रेरित था।
 
मोदी ने कहा, ‘‘आज, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर मैं भारत के सबसे असाधारण राष्ट्र-निर्माताओं में से एक को नमन करता हूं... उन्होंने भारतवर्ष की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया।’’
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि मुखर्जी ने कई क्षेत्रों में योगदान किया। उन्होंने मुखर्जी को एक बेहतरीन विचारक और शिक्षाविद बताया, जिन्होंने नवाचार और भविष्योन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा दिया।
 
उन्होंने कहा कि भारत के पहले उद्योग मंत्री के तौर पर मुखर्जी ने पारंपरिक क्षेत्रों और आजीविका के विकास को सुनिश्चित करते हुए औद्योगिक आत्मनिर्भरता की नींव रखी।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल अकाल के दौरान मुखर्जी के मानवीय प्रयासों में मुसीबत में फंसे लोगों के प्रति उनकी गहरी संवेदना झलकती थी और सबसे बढ़कर भारत की एकता और अखंडता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता आज भी प्रेरणा का एक स्थायी स्रोत बनी हुई है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘जैसे-जैसे हम ‘विकसित भारत’ की अपनी यात्रा में आगे बढ़ रहे हैं, उनका दृष्टिकोण हमारा मार्गदर्शन करता रहता है।’’
 
भारतीय जनसंघ का नाम बाद में ​​भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हो गया। छह जुलाई, 1901 को जन्मे मुखर्जी का 23 जून, 1953 को श्रीनगर में हिरासत के दौरान निधन हो गया था।