प्रधानमंत्री मोदी 20-21 जून को पश्चिम बंगाल और ओडिशा के दौरे पर रहेंगे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-06-2026
PM Modi to visit West Bengal and Odisha on June 20-21
PM Modi to visit West Bengal and Odisha on June 20-21

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20-21 जून को पश्चिम बंगाल और ओडिशा का दौरा करेंगे और वह कोलकाता में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लेंगे। इसके बाद वह ओडिशा के मयूरभंज में पवित्र उपवनों ‘संथाली जहेर’ और ‘हो जहेर’ में प्रार्थना करने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ मौजूद रहेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा कि मोदी कोलकाता में स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित तीन नौसैनिक जहाजों को भी नौसेना में शामिल करेंगे।
 
बयान के अनुसार, वह पश्चिम बंगाल में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे तथा राष्ट्रपति मुर्मू के साथ मयूरभंज में, ओडिशा में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
 
शनिवार को प्रधानमंत्री हुगली जिले के तारकेश्वर में ‘पश्चिम बंगाल दिवस’ समारोह में भाग लेंगे।
 
रविवार सुबह वह कोलकाता में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में शामिल होंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 का विषय ‘बढ़ती उम्र में योग से रहें निरोग’ है।
 
बयान में कहा गया कि रविवार को ही प्रधानमंत्री कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह पर स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित तीन नौसैनिक जहाजों आईएनएस दुनागिरी, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्रय को नौसेना में शामिल करेंगे।
 
शनिवार को ‘पश्चिम बंगाल दिवस’ समारोह के दौरान, प्रधानमंत्री कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। रेलवे, कृषि, ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन और पशुपालन क्षेत्रों से जुड़ी ये पहलें पूरे राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी, आजीविका में सुधार करेंगी, किसान कल्याण को बढ़ावा देंगी और सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देंगी।
 
मोदी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) की 23वीं किस्त भी जारी करेंगे।
 
बयान के मुताबिक, इस किस्त के तहत देश भर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे अंतरित की जाएगी।
 
मोदी पश्चिम बंगाल में कई प्रमुख केंद्रीय कृषि योजनाएं भी शुरू करेंगे। इन योजनाओं में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई), डिजिटल कृषि मिशन के हिस्से के रूप में एग्री स्टैक, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन और प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना शामिल हैं।