प्रधानमंत्री मोदी सोमनाथ मंदिर में आयोजित ‘अमृत महोत्सव’ समारोह में भाग लेंगे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-05-2026
PM Modi to participate in 'Amrit Mahotsav' celebrations at Somnath Temple
PM Modi to participate in 'Amrit Mahotsav' celebrations at Somnath Temple

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 मई को गुजरात के वेरावल स्थित प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर में आयोजित ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में भाग लेंगे। राज्य के एक मंत्री ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
 
यह समारोह भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद द्वारा पुनर्निर्मित मंदिर के उद्घाटन के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जाएगा।
 
गुजरात के कैबिनेट मंत्री जीतू वाघाणी ने कहा, ‘‘11 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ऐतिहासिक मंदिर में आयोजित अमृत महोत्सव में भाग लेंगे।’’
 
उन्होंने बताया कि मोदी 10 मई को रात 9:30 से 9:45 बजे के बीच हैदराबाद से जामनगर पहुंचेंगे और लाल बंगला सर्कल पर विधायक रिवाबा जडेजा, सांसद पूनम मादम और अन्य भाजपा नेताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा।
 
मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री जामनगर में रात्रि विश्राम करेंगे और 11 मई को सोमनाथ के लिए रवाना होंगे।
 
उन्होंने कहा, ‘‘एक हजार साल पहले हुए विनाश के बावजूद, अटूट आस्था का प्रतीक सोमनाथ मंदिर आज भी खड़ा है। हम सोमनाथ विरासत की 75वीं वर्षगांठ को अमृत महोत्सव के हिस्से के रूप में मनाएंगे, जो उस दिन को चिह्नित करता है जब सरदार वल्लभभाई पटेल ने मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था।’’
 
उन्होंने बताया कि मोदी सोमनाथ स्थित हेलीपैड से वीर हमीरजी गोहिल की प्रतिमा तक रोड शो करेंगे।
 
वाघाणी ने बताया कि प्रधानमंत्री सद्भावना मैदान में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।