आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तमिलनाडु में नयी सरकार बनाने के लिए आवश्यक संख्या बल जुटाने का प्रयास कर रही अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके की राह शुक्रवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के समर्थन देने की घोषणा से आसान हो गई तथा नवगठित दल के संस्थापक राज्यपाल से आज शाम को फिर से मिलने वाले हैं।
माकपा ने राज्य में सरकार बनाने के लिए टीवीके को बिना शर्त समर्थन दिया है, जबकि वीसीके ने कहा है कि वह शनिवार को अपना रुख स्पष्ट करेगी।
सूत्रों ने बताया कि भाकपा के प्रदेश सचिव एम. वीरपांडियन की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद, पार्टी ने समर्थन देने का फैसला किया और ‘‘सरकार गठन के लिए बिना शर्त समर्थन का पत्र’’ सौंपा। पत्र तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को संबोधित है।
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की 108 सीटें हैं, लेकिन यह बहुमत के आंकड़े से 10 कम हैं।
टीवीके ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के सहयोगी दलों मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भाकपा और विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) से संपर्क किया था तथा विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के बाद सरकार बनाने के लिए उनका समर्थन मांगा था।
हालांकि, भाकपा, माकपा और वीसीके ने द्रमुक के नेतृत्व वाले धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन (एसपीए) के घटक दल के तौर पर चुनाव लड़ा था।
भाकपा, माकपा और वीसीके ने चुनाव में दो-दो सीटें जीती हैं। इससे पहले, द्रमुक की सहयोगी रही कांग्रेस, जिसने पांच सीटें जीतीं हैं, ने विजय की पार्टी को समर्थन दिया था।