आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में मादक पदार्थों की तस्करी से कथित तौर पर अर्जित की गयी 6.5 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों को शुक्रवार को कुर्क कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत अब तक की यह सबसे बड़ी कुर्की है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया, “मादक पदार्थों के नेटवर्क के खिलाफ निरंतर और आक्रामक कार्रवाई को जारी रखते हुए पुलिस ने अनंतनाग के दूनीपोरा संगम के निवासी बशीर अहमद मीर और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68-एफ के तहत कुर्की की कार्यवाही शुरू की।”
उन्होंने बताया कि मामले की जांच में खुलासा हुआ कि परिवार ने अपनी ज्ञात वैध आय के स्रोतों के अनुपात से कहीं अधिक चल एवं अचल संपत्ति जमा कर ली है, जिसके बाद यह कुर्की की गयी।
पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि ये संपत्तियां परिवार के सदस्यों की संयुक्त संपत्ति थीं और संदेह है कि इन्हें मादक पदार्थों की तस्करी से प्राप्त धन से खरीदा गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान परिवार का आपराधिक इतिहास सामने आया। उसने बताया कि उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत तीन प्राथमिकियां दर्ज की गई थीं।