आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को सेशेल्स में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्यों से मुलाकात की।
सेशेल्स के पीस पार्क में महात्मा गांधी की एक प्रतिमा स्थापित है, जो वहां उनकी विरासत के प्रति गहरे सम्मान को दिखाती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने पार्क का दौरा किया, जहाँ उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित की और कुछ बच्चों से बातचीत की। उन्होंने इस दौरान एक कलाकार द्वारा प्रस्तुत गायन कार्यक्रम को भी देखा।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “बापू के आदर्श पीढ़ियों से परे हैं, जो लोगों को शांति, न्याय व मानवीय गरिमा की तलाश में एकजुट करते हैं। उनके विचार बेहतर दुनिया के लिए हमारे सामूहिक प्रयासों को लगातार प्रेरित करते हैं।”
पार्क में प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्यों ने अपने हाथों से छोटे-छोटे भारतीय ध्वज लहराकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी अरुलमिगु नवशक्ति विनायगर मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद वह पीस पार्क गए।
मोदी ने एक और सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "मैं ‘अरुलमिगु नवशक्ति विनायगर मंदिर' के निर्माण और सेशेल्स में भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता के विभिन्न पहलुओं को लोकप्रिय बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए 'सेशेल्स हिंदू कोविल संगम' की सराहना करता हूं।"
प्रधानमंत्री ने कहा, “सेशेल्स में भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ मेरी शानदार बातचीत हुई। वे सेशेल्स की प्रगति में प्रभावी योगदान दे रहे हैं। साथ ही, उनका भारत के साथ जुड़ाव अब भी बहुत मजबूत है।”
प्रधानमंत्री शनिवार को सेशेल्स की तीन दिवसीय यात्रा के लिए रवाना हुए थे। उन्होंने रविवार को सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ विभिन्न मुद्दों पर व्यापक बातचीत की।
उन्होंने सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया।
भारत और सेशेल्स इस समय अपने राजनयिक संबंधों की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं।
एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति हर्मिनी ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ सम्मान से सम्मानित किया।
वह सोमवार को भारत के लिए रवाना हुए।