शहीदों का अपमान करने के लिए इस्तीफा दें राजनाथ सिंह: कांग्रेस

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-06-2026
Congress demands Rajnath Singh resign for insulting martyrs
Congress demands Rajnath Singh resign for insulting martyrs

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के विषय में संसद में ‘‘झूठ बोलकर’’ शहीदों का अपमान किया है और ऐसे में उन्हें पद से इस्तीफा देना चाहिए।

पार्टी के ‘पूर्व सैनिक विभाग’ के प्रमुख कर्नल (सेवानिवृत्त) रोहित चौधरी ने यह भी कहा कि रक्षा मंत्री के खिलाफ संसद में विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाना चाहिए और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा भाजपा को जनता से माफी मांगनी चाहिए।
 
मई 2025 में 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए शहीद हुए छह सैन्यकर्मियों के नाम राष्ट्रीय समर स्मारक की एक दीवार पर अंकित किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के बाद पहली बार सरकार ने छह शहीद सैन्यकर्मियों के नाम आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक किए हैं।
 
चौधरी ने राजनाथ सिंह द्वारा पिछले साल जुलाई में संसद में दिए गए एक वक्तव्य का हवाला देते हुए संवाददाताओं से कहा, ‘‘मोदी सरकार की बुनियाद झूठ पर टिकी है, उन्हें सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। देश पूछ रहा है कि हमारे शहीद जवानों के नाम सामने आने में 13 महीने क्यों लग गए? यह राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है।’’