आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया की तीन दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो गए। इस दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच असैन्य परमाणु ऊर्जा, समुद्री सुरक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों समेत कई क्षेत्रों में ऐतिहासिक समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की तीन देशों की यात्रा पर हैं। इस यात्रा का उद्देश्य व्यापार, ऊर्जा और रक्षा संबंधों को और मजबूत बनाना है।
ऑस्ट्रेलिया की यात्रा समाप्त होने पर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘जैसे जैसे मेरी ऑस्ट्रेलिया यात्रा समाप्त हो रही है..., मैं ऑस्ट्रेलिया की सरकार, वहां के लोगों और प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज का उनके स्नेहपूर्ण आतिथ्य के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस यात्रा के परिणामों ने हमारी साझेदारी को और मजबूत किया है तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर खोले हैं। आने वाले समय में इस सहयोग की गति हमारे दोनों देशों और पूरी दुनिया के लिए लाभकारी होगी।’’
हवाई अड्डे पर ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने प्रधानमंत्री मोदी को विदाई दी।
विदेश मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मजबूत साझेदारी। बड़ी महत्वाकांक्षा। साझा भविष्य। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने वाली सफल यात्रा के बाद मेलबर्न से रवाना हो गए हैं।’’